अंबाला। कैंट स्टेशन से गांजे सहित पकड़े गए तस्कर राजा बाबू को सोमवार को रेलवे कोर्ट में सीजेएम सुमित कुमार के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को चार दिन के रिमांड पर भेजा है। जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को पहले पंजाब और फिर बिहार ले जाकर बताए गए ठिकानों पर दबिश दी जाएगी। टीम आरोपी को साथ लेकर सोमवार शाम को दिल्ली के रवाना हो गई थी। बिहार से गांजा की आपूर्ति करने के लिए पंजाब जा रहे एक युवक को जीआरपी ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान माधेपुरा बिहार निवासी राजा बाबू के तौर पर हुई थी। आरोपी से 80 हजार रुपये का 12.270 किलो गांजा बरामद किया गया था जोकि वो पंजाब के अलग-अलग ठिकानों पर देने के लिए जा रहा था।