अंबाला सिटी। आवारा कुत्तों की नसबंदी के वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी निगम की ओर से अभी तक काम शुरू नहीं कराया है। इसकी दोहरी मार आम आदमी को भुगतनी पड़ रही है। एक तो लोगों को आवारा कुत्ते रोजाना काट रहे हैं। जब ऐसे लोग इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचते हैं तो कुत्ता काटने पर लगने वाले इंजेक्शन की सिरिंज के लिए भटकना पड़ता है।
आज स्थिति यह है कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को अपने पैसों से ही बाहर की दुकानों से सिरिंज खरीदकर लानी पड़ रही है। एक तरफ नगर निगम अधिकारियों की लेटलतीफी और दूसरी तरफ अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में रविवार को सिटी के नागरिक अस्पताल में करीब आधा दर्जन मरीज आए और अस्पताल स्टाफ ने सिरिंज नहीं होने की बात बोलकर पल्ला झाड़ लिया। बता दें कि सिटी नागरिक अस्पताल में रोजाना कुत्ते के काटने के 10 से 15 मामले आते हैं। निगम की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए एजेंसी को टेंडर दिया है। प्रति कुत्ते पर 1350 रुपये का भुगतान किया जाएगा। डेढ़ वर्ष पहले भी कुत्तों की नसबंदी के लिए निविदा जारी की थी, लेकिन उसके समाप्त होने के बाद अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ।
फोटो : 34
बाजार से लानी पड़ी सिरिंज
डडियाना गांव के रहने वाले 60 वर्षीय रघुवीर ने बताया कि वह बीती 31 जनवरी को दवाई लेने के लिए बाजार में गए थे। इसी दौरान एक कुत्ते ने उसे काट लिया। रविवार को वह दूसरा टीका लगवाने आए थे लेकिन उन्हें कहा गया कि टीका लगवाने के लिए सिरिंज खुद ही लानी पड़ेगी। अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वह सिरिंज की व्यवस्था करें।
फोटो : 36
11 वर्षीय बच्ची को कुत्ते ने काटा
सिटी की घास मंडी निवासी 11 वर्षीय दिव्या को भी आवारा कुत्ते ने काट लिया। दिव्या ने बताया कि वह अपनी नानी के घर से लौट रही थी कि अचानक कुत्ते ने उसके पैर पर काट लिया। वह भी अपना दूसरा टीका लगवाने के लिए आई थी लेकिन उसकी माता को भी सिरिंज बाहर से लानी पड़ी।
फोटो:37
काम से लौटते हुए कुत्ते ने काटा
प्रेम नगर निवासी 24 वर्षीय आरती ने बताया कि वह घरों में सफाई करती है। रविवार सुबह प्रेम नगर में 11 बजे वह काम से लौट रही थी कि एक कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद वह अस्पताल में टीका लगवाने के लिए अपने देवर के साथ अस्पताल आई। आवारा कुत्तों को पकड़ने का काम जल्द शुरू होना चाहिए।
फोटो: 38
ट्यूशन जाते हुए कुत्ते ने काटा
सिटी के उत्तम नगर निवासी 12 वर्षीय अक्षित ने बताया कि वह ट्यूशन जा रहा था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उसे काट लिया। जिसके बाद वह शहर नागरिक अस्पताल में टीका लगवाने के लिए आया। सिरिंज खत्म होना अपने आप में बढ़ी बात है। यह अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी का नतीजा है।
फोटो:39
कुत्ते ने मुंह पर मारा पंजा
रामनगर निवासी 9 वर्षीय कुनाल ने बताया कि शनिवार शाम को वह अपने घर के बाहर खेल रहा था। उनके पड़ोस के एक पालतू कुत्ते ने उसके मुंह पर झपटा मार दिया। पंजा उसकी आंख के पास जाकर लगा। पिता अमित ने बताया कि उनके क्षेत्र में आवारा कुत्तों की भरमार हो गई है। जो आए दिन लोगों को काट रहे है।
वर्जन
विभाग को सिरिंज के लिए पत्र भेजा जा चुका है। पिछले कुछ समय से यह समस्या आ रही है। जैसे ही विभाग की ओर से उन्हें सिरिंज मिलेगी तो लोगों को बाहर से सिरिंज लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डॉ. राहुल, आरएमओ, ट्रामा सेंटर
सिरिंज दिखाते हुए रघुवीर सिंह, संवाद।
सिरिंज दिखाते हुए रघुवीर सिंह, संवाद।