फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: आठ वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण सुविधा शुरू

विज्ञापन
कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए खरीदी गई गाड़ी। संवाद
विज्ञापन
हरिंदर पाल सिंह, अंबाला। नगर परिषद की तर्ज पर कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला (सीबीए) ने भी डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण की सुविधा शुरू कर दी है और वो भी प्राइवेट नहीं बल्कि खुद की निगरानी के तहत। इस कार्य की शुरुआत बुधवार तीन अप्रैल से आरंभ कर दी गई है।
विज्ञापन

इसके तहत तीन गाड़ियों को कैंटोनमेंट बोर्ड के आठ वार्डों के लिए तैनात किया गया है जोकि सुबह सात बजे ही अपने काम में जुट गई हैं। वहीं इन गाड़ियों पर उद्धोषणा प्रणाली का भी प्रबंध किया गया है जोकि लोगों को सूखे व गीले कचरे को अलग-अलग डालने का संदेश दे रही है।
इस सुविधा का सीधा असर बोर्ड क्षेत्र में रह रहे लगभग 60 हजार लोगों पर पड़ेगा और उन्हें अब कचरे को इधर-उधर फैंकने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। घर तक गाड़ी आएगी और हॉर्न बजाकर कचरा डालने का संकेत देगी। इस कार्य की निगरानी के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक की अध्यक्षता में तीन सुपरवाइजर स्तर के कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है जोकि डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण के वाहनों पर तैनात कर्मचारियों पर नजर रखने के साथ-साथ मार्गदर्शन भी करेंगे।
विज्ञापन

यह सुविधा, दूधला मंडी, गुलाबमंडी और तोपखाना परेड में भी शुरू की गई है। जबकि दूसरी तरफ नगर परिषद के अधीन 31 वार्डों से कूड़ा निस्तारण के तहत 2330 रुपये प्रतिटन के हिसाब से प्राइवेट कंपनी को ठेका जारी किया गया है। बावजूद इसके छावनी के अधिकांश क्षेत्रों की गली-मोहल्लों में गंदगी है।
हालांकि नगर परिषद ने डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण का शुल्क संपत्ति कर के साथ जोड़ना शुरू कर दिया है, बावजूद इसके अभी भी कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां प्राइवेट कर्मी ही पैसे देकर अपने कूड़े का निस्तारण करवा रहे हैं। जबकि नगर परिषद की ओर से सभी घरों से कूड़ा उठान के दावे किए जा रहे हैं।
इलेक्ट्रानिक सामान की व्यवस्था
कैंटोनमेंट बोर्ड ने एक तरफ गीले व सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण के साथ ही एक नई पहल भी की है। इसके तहत ट्यूबलाइट, बल्ब, पेस्टीसाइड, पेंट के डिब्बे, बैटरी और सैल आदि के निस्तारण की अलग से सुविधा आरंभ की है। इसी प्रकार सेनेंटरी, नेपकिन, डाइपर, दवाइयां, गल्फस और मास्क आदि का अलग से निस्तारण किया जाएगा।
रिहायशी क्षेत्रों में कैमरों से निगरानी
बोर्ड की तरफ से अपने अधीन रिहायशी क्षेत्रों में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से शरारती तत्वों और संदिग्धों पर नजर तो रखी जा ही रही है, वहीं उन लोगों पर भी नजर रखी जा रही है जो अपने घर से निकले कूड़े को यहां-वहां फैंक देते हैं।
ऐसे कुछ लोगों की रिकॉर्डिंग के आधार पर चालान भी काटे जा रहे हैं और उन्हें चेतावनी भी दी जा रही है कि अगर उन्होंने अपनी कार्यशैली में सुधार न किया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
स्वच्छता रैंकिंग में होगा सुधार
जनवरी माह में केंद्रीय एजेंसी द्वारा देश के 62 कैंटोनमेंट बोर्ड के स्वच्छता सर्वेक्षण की रिपोर्ट जारी की गई थी। इसमें पिछले साल के मुकाबले कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला की रैंकिंग में सुधार हुआ था और 26 वें पायदान को पीछे धकेलते हुए बोर्ड ने 23 वां रैंक हासिल किया था। हालांकि इस दौरान सर्वेक्षण में डोर-टू-डोर सुविधा न होने से कुछ बिंदु कट गए थे। लेकिन अब उम्मीद है कि अंबाला का कैंटोनमेंट बोर्ड प्रथम 10 रैंक में अपना स्थान सुनिश्चित कर लेगा।
वर्जन
कैंटोनमेंट बोर्ड वासियों के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा निस्तारण की सुविधा आरंभ कर दी गई है। इसके लिए तीन गाड़ियों को लगाया गया है। कार्य की निगरानी के लिए भी संबंधित विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोगों को जागरुक करने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।
विज्ञापन

विनित लोटे, मुख्य अधिशासी अधिकारी, सीबीए।

कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए खरीदी गई गाड़ी। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें