अंबाला सिटी। किसानों के लिए राहत भरी खबर है। सहायक कृषि अभियंता ओम प्रकाश महिवाल ने बताया कि कृषि तथा किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा केंद्र सरकार की फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम तहत यंत्रों की खरीद पर अनुदान दिया जा रहा है। इस दौरान सामान्य श्रेणी तथा अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों ने सीएचसी व एकल कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किया है। उनके लिए बिल पोर्टल पर अपलोड की तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 4 अक्तूबर कर दिया है। इस दौरान किसानों को आवेदन प्रिंट, बैंक खाता, पैन नंबर, आधार कार्ड, ट्रैक्टर की आरसी, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, कृषि भूमि संबंधी पटवारी रिपोर्ट और मेरी फसल मेरा ब्योरा पंजीकरण की प्रति होनी अनिवार्य है। किसान अपने पूर्ण दस्तावेज बिल अपलोड करवाने के बाद कार्यालय में जमा करवाए। उसके बाद ही किसानों को अनुदान राशि मिल पाएगी।