अंबाला। तेपला गांव में पंचायती जमीन पर वाल्मीकि साहिब का निशान साहिब स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। वाल्मीकि पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर निशान साहिब तोड़ने, मारपीट व गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत पर गांव के पांच लोगों पर एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
दूसरी ओर, वाल्मीकि पक्ष के खिलाफ साहा बीडीपीओ सुमन कादियान ने पंचायती जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बीडीपीओ की शिकायत पर वाल्मीकि समाज के बलदेव सिंह, उसके बेटे गुरजंट सिंह, पत्नी सुनीता और दर्शन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। ग्राम सचिव दलबीर सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत के खसरा नंबर 115 के पास पंचायत की भूमि पर संबंधित लोगों ने शामलात भूमि खसरा नंबर 114 पर झंडा लगाकर कब्जा किया है।
तेपला निवासी दर्शन लाल ने बताया कि उन्होंने अपने गांव की पंचायती जमीन पर भगवान वाल्मीकि का निशान साहिब लगाया था। साथ ही भगवान वाल्मीकि और बाबा साहेब आंबेडकर की फोटो निशान साहब के साथ पूजा के लिए रखी थी। गांव का रहने वाला पम्मा आया और उसने निशान साहिब को उखाड़ दिया। इसके बाद काका गंडासी लेकर बाइक पर आया और गाली-गलौज शुरू कर दी। दलबीर सिंह और गुरमीत सिंह जाति के खिलाफ काफी अपशब्द कहे। उसके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाए कि उनकी बहू-बेटियों के साथ गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर ईंट और रॉड से हमला बोल दिया और उनके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने पम्मा, काका, दलबीर सिंह, गुरमीत सिंह, मंगा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।