संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला/नारायणगढ़। जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंबाला कंचन माही की अध्यक्षता में अंबाला व उपमंडल नारायणगढ़ में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंबाला परवीन ने बताया कि लोक अदालत के मद्देनजर उपयुक्त इंतजाम किए गए थे।
लोक अदालत में कुल सात बेंच लगाए गए। इसमें सभी प्रकार के केस जैसे चेक संबंधित, पारिवारिक मसले, आपराधिक केस, वाहन मोटर अधिनियम, चालान, फौजदारी व दीवानी मुकदमे रखे गए। इस दौरान 24 हजार 184 मुकदमे रखे गए और 12 हजार 619 मुकदमों का निपटान किया गया। वहीं मोटर यातायात दुर्घटना के मुकदमों में 1 करोड़ 21 लाख 90 हजार की धनराशि का निपटारा हुआ। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक रिकवरी के 808 केस रखे गए।
इनमें से 658 केसों का निपटारा हुआ। आपराधिक किस्म के 724 केस रखे गए, इनमें से 341 केसों का निपटारा, बिजली के 401 केस में से 241, लेबर के 8 केस में से 5, मोटर वाहन दुर्घटना के 78 केस में से 23, वैवाहिक किस्म के 356 केस में से 146, चेक बाउंस के 1802 में से 582, अन्य दीवानी किस्म के 3157 में से 444, राजस्व के 3284 में से 3149 और अन्य किस्म के 13 हजार 566 केस में से 7 हजार 30 केसों का निपटारा हुआ। इस मौके पर एक प्रदर्शनी का आयोजन करके लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।