अंबाला सिटी। फसल अवशेषों में बार-बार आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके लिए सभी एसडीएम, किसी विभाग के अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी व अन्य संबंधित महकमों के अधिकारी दोपहर 12 बजे से लेकर सांय 3 बजे तक फील्ड में रहेंगे। इस दौरान अधिकारी फानों में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाएंगे। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने इस बारे में निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में फसल अवशेषों में आग लगाने की घटनाओं पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाना है। इसके लिए प्रशासन बार-बार किसानों से अपील भी कर रहा है कि फसल अवशेषों में आग न लगाकर फसलों के अवशेषों का प्रबंध करें। वहीं, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के चेयरमैन राजेश वर्मा ने अधिकारियों को वीसी के जरिए कहा कि हरियाणा में फसल अवशेषों में आग लगाने जैसी घटनाओं पर पूर्णत: अंकुश लगाना होगा।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने सभी एसडीएम, कृषि विभाग के साथ-साथ राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंबाला जिले के हर गांवों में टीम नियुक्त की जाए। इस टीम के अधिकारी फसल अवशेषों में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
जो किसान प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना करेंगे उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाए। इसके साथ ही फसल अवशेषों में आग लगाने वाले के चालान किए जाएं और जुर्माना भी लगाया जाए। उन्होंने कहा कि 14 अक्तूबर की रात्रि तक जिले में 69 जगहों पर फसल अवशेषों में आग लगाने के मामले सामने आए हैं और इनमें से 50 प्रतिशत मामले सही पाए गए हैं। जिन किसानों ने फसल अवशेषों में आग लगाई उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया गया हैं।
उन्होंने कहा कि एसडीएम रोजाना अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगे। इसके साथ ही रोजाना इस बात की जानकारी भी देंगे कि जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगी है। वह अधिकारी फील्ड में गए हैं या नहीं। इस रिपोर्ट के अनुसार ड्यूटी से गैरहाजिर होने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस सीजन में सभी अधिकारियों को एक्टिव मोड में रहकर काम करना होगा और फसल अवशेषों में आग लगाने वाली घटनाओं में अंकुश लगाना होगा। इस मौके पर एसडीएम अश्विनी मलिक, एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम शाश्वत सांगवान, एसडीएम सतिंद्र और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।