अंबाला सिटी। बीते दो दिन से हो रही बरसात ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। सिटी के सेक्टर एक, सात, आठ, नौ व 10 की गलियों में जलभराव हो गया। इससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मानव चौक क्षेत्र के रतनगढ़, परशुराम कॉलोनी, शारदा नगर, उत्तम नगर, शक्तिनगर, जगाधरी गेट स्थित बसांतियां वाली गली, काजीवाड़ा, जोगीवाड़ा, नहान हाउस, अशोक विहार, न्यू शिवालिक कॉलोनी, विवेक विहार, पटेल नगर, करतार नगर, बैंक कॉलोनी, न्यू मॉडल कॉलोनी, विजय नगर, विकास विहार, प्रेम नगर, बलदेव नगर कैंप, मनमोहन नगर, गीता नगरी, शिवपुरी सहित दर्जनों कालोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई।
यही स्थिति छावनी में भी दिखाई दी। सेक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के चलते जलभराव की स्थिति बनना आम बात हो चुकी है। बरसाती सीजन से पहले संबंधित विभागीय अधिकारियों को आने वाली समस्याओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई थी लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया।
सीवरेज चल रहा ओवरफ्लो
सेक्टर एक में सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण कई बार लोगों के घरों में गंदा पानी घुस जाता है। सीवरेज की समस्या के बारे में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को बताया जा चुका है।
-अरविंद अग्रवाल लक्की, प्रधान, वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर एक अंबाला सिटी।
प्रशासन ने लगाए मिट्टी के कट्टे
सेक्टर नौ के साथ लगते रेलवे लाइन क्षेत्र में जलभराव होता था। उस क्षेत्र में प्रशासन ने पिछली बरसात में मिट्टी के कट्टे लगाए गए थे। इस वजह से उस ओर से आने वाले पानी को रोका गया है।
- अरूण गुप्ता, स्थानीय निवासी, सेक्टर-9, अंबाला सिटी।
नालियों की सफाई नहीं कराई
रतनगढ़ रोड स्थित शारदा नगर क्षेत्र में मेन नाले व नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण बरसात के दौरान क्षेत्र की गलियों में बरसाती पानी नदियों की तर्ज पर पानी बहता है।
- सज्जन सिंह, स्थानीय निवासी, शारदा नगर, अंबाला सिटी।
प्रशासन के इंतजामों की खुली पोल
बीते दो दिन से हो रही रिमझिम बरसात के कारण क्षेत्र की कई गलियों में जलभराव हो गया है। बरसाती दौर में प्रशासनिक अधिकारियों के इंतजामों की पोल खुलकर सामने आ रही है।
- ललित नारंग, स्थानीय निवासी, शक्तिनगर अंबाला सिटी।
खाली पड़े प्लॉटों में जलभराव
सेक्टर दस के बीच खाली पड़े प्लॉटों में जलभराव हो चुका है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की कई गलियों में भी जलभराव हुआ है। सीवरेज के ओवरफ्लो होने के कारण बरसाती पानी जमा जमा है।
- कमल सिंगला, प्रधान वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-10 अंबाला सिटी।
सेक्टर नौ के कुछ एरिया की गलियों का जमीनी स्तर डाउन होने के कारण बरसाती पानी जमा हो जाता है। लेकिन बरसात के दौरान उन क्षेत्रों में पंप आदि लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की जा रही है।
-मुकेश अबट, प्रधान वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-9, अंबाला सिटी।
सेक्टरों व कॉलोनियों में निगम प्रशासन की ओर से बरसाती पानी को निकालने के लिए टीमों सहित पंप आदि लगाए जा चुके हैं। शहर वासियों को किसी प्रकार की समस्या न हो उसका ध्यान रखा जा रहा है। बरसाती पानी से जलभराव न हो इसके लिए उचित प्रबंध किए हुए हैं।
- संजीव कुमार, एक्सईएन नगर निगम अंबाला।