कलायत में श्री राधा अष्टमी पर आकर्षक मुद्रा में श्री राधा और कृष्ण का स्वरूप। संवाद
कलायत। शनिवार को कलायत में श्री राधा अष्टमी उत्सव पर दिनभर उत्साह और उमंग का माहौल रहा। घरों से लेकर मंदिरों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से श्री राधारानी की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। कपिल मुनि मंदिर के पुजारी संजय गौतम और अनिरुद्ध गौतम ने बताया। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की परम आराध्या श्री राधारानी के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, राधा-कृष्ण का मनमोहक शृंगार हुआ। भजन-कीर्तन, झांकियां, संकीर्तन और प्रसाद वितरण सहित अनेक धार्मिक आयोजन भी हुए। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु राधा-कृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। वातावरण में गूंजते भजन और राधारानी के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। संवाद