अंबाला। डेंगू के डंक का कहर बढ़ता जा रहा है। अभी डेंगू के पांच मामलों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग कर चुका है। इसके अलावा खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है, मगर प्रशासन की लापरवाही विभाग के प्रयासों को विफल कर सकती है। स्वास्थ्य विभाग प्रशासन को फॉगिंग के लिए कई बार पत्राचार कर चुका है। इसके बाद भी अभी तक फॉगिंग के लिए शेड्यूल तैयार नहीं किया गया है। इस कारण यह कार्य शुरू नहीं हो पाया है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों की मानें तो इस समय केवल उन क्षेत्रों में फॉगिंग करवाई जा रही, जहां से निगम अधिकारियों के पास शिकायत पहुंच रही है।
दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अस्पतालों में विशेष रूप से डेंगू वार्ड बनाए गए हैं। वहीं, लैब को अलर्ट रहने और सैंपल लेने में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा लारवा की जांच के लिए अभियान को और तेज करते हुए प्रत्येक घर में दो से तीन बार दस्तक देने का कार्य किया जा रहा है, ताकि डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोका जा सके।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से लारवा जांच के दौरान हर घर दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने बुधवार तक कुल 2 हजार 860 घरों में लारवा मिलने पर नोटिस जारी किए हैं। साथ ही टीम 63 हजार से अधिक घरों में दस्तक दे चुकी है।
यहां मिले मरीज
डेंगू पांच मामले नारायणगढ़, कालाआंब, सिटी व रामनगर से हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पत्र लिखते हुए संबंधित क्षेत्र में लारवा जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के लिए कहा है। इसके अलावा फोगिंग करने के भी निर्देश दिए हैं, परंतु फोगिंग को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
हमारी ओर से डेंगू को लेकर अलर्ट किया गया है। अभी तक पांच मामलों की पुष्टि हुई है। प्रशासन द्वारा फोगिंग का कार्य किया जाए, इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र लिख दिया गया है।
- कुलदीप सिंह, सीएमओ, अंबाला।