अंबाला सिटी। अंबाला जिले में डेंगू का प्रकोप दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। अब तक डेंगू के 194 मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को 17 नए मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और बढ़ गई है।
यदि बात करें स्वास्थ्य विभाग के इंतजामों की तो विभाग की ओर से जिले में 107 सब सेंटर और 22 सामुदायिक केंद्रों सहित करीब 150 जगह जांच हो रही है। इन केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें डेंगू ग्रस्त मरीजों की जांच के लिए लगाई गई हैं, लेकिन कहीं न कहीं डेंगू ग्रस्त मरीजों की प्रतिदिन बढ़ रही संख्या ने स्वास्थ्य विभागीय अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। सीएमओ अंबाला डॉ. कुलदीप सिंह डेंगू के मामले में जिले में तैनात एसएमओ, पीएमओ और पीएचओ आदि अधिकारियों से प्रतिदिन इस मामले में जानकारी ले रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो नारायणगढ़ और शहजादपुर क्षेत्रों में डेंगू ग्रस्त मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है।
किस प्रकार से करें डेंगू की रोकथाम
डेंगू की बढ़ते प्रकोप के चलते बहुत सावधानियां बरतने की जरूरत है। चिकित्सकों की मानें तो अगर किसी को बुखार हो तो वह तुरंत प्रभाव से डेंगू से संबंधित टेस्ट जरूर करवाए, वहीं लोगों को चाहिए कि वह अपने आसपास पानी इकट्ठा न होने दें, यदि कहीं खाली प्लॉट व अन्य किसी भी प्रकार से भारी मात्रा में पानी का जलभराव दिखाई दे तो उसमें तेल अवश्य डालें, जिससे कि उस पानी में डेंगू का लार्वा और मच्छर न पनप पाए। वहीं, घरों की छतों और आंगन में खाली और बेकार बर्तन, टायर या किसी प्रकार को सामान खुले में पड़ा हो तो वहां सफाई का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि उन बेकार सामान के बीच में बरसाती पानी जमा रहता है। इसमें मच्छरों का लार्वा पनप सकता है। आजकल हो रही बारिश के दौरान विशेष हिदायतें सभी को बरतने की जरूरत है। अपने आसपास स्वच्छ और साफ-सुथरा वातावरण रखने की बहुत सख्त जरूरत है।
फॉगिंग की मशीनें भी खराब
एक ओर तो डेंगू पैर पसार रहा है, दूसरी और निगम की फॉगिंग मशीन खराब है। निगम ने फॉगिंग के लिए तीन मशीन खरीदी थी। इनमें से दो खराब निकली। एक छोटी मशीन ठीक निकली है। दो खराब मशीनों को बदलने के लिए वापस भेजा गया है। निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर सुशील कुमार कह चुके हैं कि जल्द ही मशीन वापस मंगाई जाएंगी और एक-दो दिन में शेड्युल बनाकर शहर में फॉगिंग शुरू करवाई जाएगी। इनके आने के बाद राहत की उम्मीद की जा सकती है।
मशीन खराब होना गंभीर बात : मेयर
इस संबंध में निगम की मेयर शक्ति रानी शर्मा कहती हैं कि नई मशीन खराब होना गंभीर बात है, क्योंकि नई मशीन खराब नहीं होनी चाहिए। अगर मशीन खराब निकली है तो इन मशीनों को वापस कर जल्द दूसरी मशीन मंगवाकर फोगिंग शुरू करानी चाहिए। वह इस बारे में निगम अधिकारियों से जवाब भी लेंगी कि फोगिंग शुरू करने में इतनी देरी क्यों की जा रही है।
वर्जन
डेंगू ग्रस्त मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होना एक चिंताजनक विषय है। डेंगू को नियंत्रण करने के लिए लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। बीते कई दिनों से बीच-बीच में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण डेंगू में इजाफा कर रही है।
डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ अंबाला।