शहजादपुर। सरकार के मेरी फसल मेरा-ब्योरा पोर्टल पर मिलीभगत कर किसी ओर की फसल का पंजीकरण करवाने के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार कड़ासन गांव के रहने वाले रामेश्वर दास ने शहजादपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जमीन कड़ासन मौजा में पड़ती है।
शिकायत में बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों की फसल को पोर्टल पर पंजीकरण होने के उपरांत ही खरीद की जाती है। वह अपनी धान की फसल का पंजीकरण करवाने सीएससी सेंटर कड़ासन गया तो पता लगा कि उसकी जमीन की फसल का पंजीकरण किसी शांति देवी के नाम पर पंजीकृत है। शांति देवी ने फसल पंजीकरण में मोबाइल नंबर दिया हुआ है। जब उसने यह बात अपने गांव व आस-पास के किसानों को बताई तो उन्होंने भी बताया कि हमारी जमीन की फसल का पंजीकरण भी किसी शांति देवी के नाम पर है।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने तौर पर पता लगाया तो पता चला कि मेरी, मेरे गांव तथा अन्य आस-पास के गांवों के काफी लोगो की जमीन की फसल का पंजीकरण पोर्टल पर मिलीभगत करके गांव सुहाना (मुलाना) निवासी पंकज व मुलाना निवासी शांति देवी के नाम पर किया गया है।