शनिवार देर रात बाइक सवार दो युवकों ने मामूली सी कहासुनी पर एक्टिवा सवार छात्र को चाकू घोंप दिया। खून से लथपथ छात्र वहीं गिर गया, राहगीरों की मदद से उसे कैंट सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया, जबकि बाइक सवार युवक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है।कुम्हार मंडी निवासी घायल छात्र योगेश ने जानकारी देते हुए बताया कि वे पालीटेक्निक में मैकेनिकल डिप्लोमा का छात्र है और शनिवार देररात कैंट चूना चौंक पर अपने पिता की दुकान बंद करवाने में उनकी मदद करने के लिए जा रहा था। उसने बताया कि जैसे ही वे एक्टिवा पर कैंट के पुल चमेली चौक पर पहुंचा, तो वहां उसकी एक्टिवा का थोड़ा सा हिस्सा वहीं से गुजर रहे दो तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों से टकरा गया।घायल के अनुसार इस पर उसने बाइक सवार युवकों से बाइक ठीक ढंग से चलाने नसीहत दे डाली। बस, इसी बात को लेकर बाइक सवार उससे बहस करने लगे और उसे गालियां देने लगे। देखते ही देखते उनमें तीखी नोकझोंक हो गई और एक बाइक सवार युवक ने चाकू निकालकर उस पर वार कर दिया।चाकू युवक की पीठ में घुस गया। हमलावर युवक ने तुरंत चाकू निकाला और अपने दूसरे साथ के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। उधर, घायल छात्र खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत कैंट सिविल अस्पताला पहुंचाया गया और उसके परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों ने इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी। पुलिस मौके का मुआयना कर वहां लोगों से पूछताछ की। इलाका पुलिस का कहना है कि अभी छात्र के बयान लिए जाने हैं, उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।