बुधवार को सिटी के लायलपुर बस्ती में बाइक सवार करीब एक दर्जन युवकों ने जहां सरेआम तेजधार हथियार लहराये, वहीं एक ने हवाई फायर किया। मामला रंजिश का था, जिसके चलते एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला किया, जिससे एक युवक जख्मी हो गया। मामला पुरानी रंजिश का है, जबकि पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई शुरु कर दी है।जानकारी के अनुसार बुधवार को बाइक सवार करीब एक दर्जन युवक लायलपुर बस्ती के पास से गुजरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इन में से कईं युवाओं के हाथों में जहां तेजधार हथियार थे, वहीं एक के हाथ में रिवाल्वर भी था। जैसे ही यह लोग सड़कों से गुजरे, आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। यह युवक सड़क से शोर मचाते हुए निकले, जबकि कुछ दूरी पर ही एक अन्य गु्रप के युवक भी मौजूद थे। हथियारबंद युवकों ने इस दौरान एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में युवक जख्मी हो गया, जिसके बाद यह सभी लोग बाइकों पर ही तेजधार हथियार लेकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इन्हीं युवकों में से एक ने तो हवाई फायर भी किया, जिसके बाद मौके पर खड़े लोग तुरंत चले गए। इससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई। बताया जाता है कि जिस वक्त यह युवक गुजर रहे थे, वहीं एक गुरुद्वारे में सीसीटीवी कैमरे में भी यह दृश्य कैद हो गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करनी शुरु कर दी। इस दौरान पुलिस ने कुछ लोगों से बातचीत भी की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला पुरानी रंजिश का दिखाई दे रहा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक बाइक पर तेजधार हथियार लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। इन युवकों के हमले में एक युवक जख्मी हुआ है, जबकि इस संबंध में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। - रजनीश यादव, एसएचओ, सिटी थाना