पड़ाव थाना में दर्ज लूट के मामले में सीआईए टू पुलिस ने एटीएम छीनकर 72 हजार रुपये निकलवाने वाले तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान गगन उर्फ सागर, हरविंद्र पाल उर्फ हैप्पी, श्रीपाल उर्फ डिजायर के रूप में हुई है। तीनों को सीआईए ने अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। डीसीपी अर्बन सुरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता रमेश शर्मा ने पुलिस में शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसको कार में लिफ्ट दी और उसका एटीएम छीन लिया। आरोपियों ने उसके एटीएम कार्ड से 72 हजार रुपए निकलवा लिए। वारदात की सूचना शिकायतकर्ता ने पड़ाव पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी थी। सीआईए टू ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। सीआईए टू पुलिस दल मामले में आगामी कार्रवाई कर रहा है।