बस स्टैंड बराड़ा के मेन गेट के सामने आज एक अल्टो कार व रोडवेज बस की भिड़ंत में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। घायलों में एक बजुर्ग महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह परिवार शादी समारोह में सम्मलित होने के लिए कुरूक्षेत्र से गांव खानपुर ब्राह्मणा (नारायणगढ़) जा रहा था।बताया जा रहा है कि वरूण शर्मा निवासी कुरूक्षेत्र अपने परिवार सहित अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गांव खानपुर ब्राह्मणा (नारायणगढ़) जा रहा था। जैसे ही वह अपनी अल्टो से बराड़ा बस स्टैंड के समीप पहुचे तो अचानक एक रोडवेज की बस से कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई व कार के अंदर सवार छह लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।दुर्घटना स्थल के समीप खड़े लोगों ने तुरंत बड़ी मशक्कत से घायलों को कार से निकलकर एक निजी गाड़ी द्वारा एमएम अस्पताल मुलाना पहुंचाया। वरूण शर्मा के चाचा अरूण शर्मा ने बताया कि वरूण शर्मा अपनी पत्नी रितु शर्मा, मां सरला शर्मा, छह साल की बेटी खनक शर्मा, तीन माह का बेटा कुश शर्मा व भाई संतोष शर्मा के साथ शादी में जा रहे थे। इस दुर्घटना में सभी छह सवार लोगो को चोटें आई है जिनमें वरूण की मा सरला गंभीर बताई जा रही है।जैसे ही यह दुर्घटना हुई तब बस चालक मौके से फरार होने में सफल हो गया तथा बस ड्राईवर द्वारा अचानक लगाई गई ब्रेक के कारण बस में सवार चार सवारियों को भी हल्की चोटे आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम. बराड़ा गगनदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे एवं उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस व बराड़ा पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही बराड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा मौके का मुआना कर अगामी कारवाही शुरू कर दी।