अंबाला में बिजली निगम के क्वालिटी सब डिवीजन के बाहर शुक्रवार देररात को शिकायत केंद्र पर तैनात लाइनमैन बलवंत से मारपीट व दो एएलएम यानी असिस्टेंट लाइनमैन से अभद्र व्यवहार व धक्का-मुक्की हो गई। करीब 20 - 25 युवकों ने सब डिवीजन के बाहर आकर वारदात को अंजाम दिया। मामला बिगड़ते देखकर हमलावर मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि शिकायत केंद्र पर तैनात कर्मचारी तांगा स्टैंड पर फॉल्ट दुरुस्त करने गए थे।
क्वालिटी सब डिवीजन के बाहर शुक्रवार देररात को दर्जनभर युवकों ने किया था हमला
वापस लौटते समय एक गलत दिशा में चल रहे बाइक चालक को हटने के लिए कहा तो युवक ने झगड़ा किया। उस समय तो मामला शांत हो गया था लेकिन बाद में वह करीब दो दर्जन युवकों को लेकर पहुंच गया और जमकर हंगामा किया। अंबाला कैंट पुलिस ने एसडीओ आशीष चोपड़ा की शिकायत पर सागर, धर्म सहित 20-25 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मारपीट की भनक लगते ही जमा हो गई थी यूनियन, पुलिस ने करवाया शांत
उधर, सब डिवीजन के कर्मचारियों से मारपीट की सूचना बिजली निगम की यूनियन को लगी तो सभी रात को ही जमा होने शुरू हो गए थे। सब डिवीजन के बाहर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े कर्मचारियों ने भी रोष जताया। सूचना पाकर अंबाला कैंट थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत करवाया। उधर, सब यूनिट के पदाधिकारी बलवंत यादव ने बताया कि रात के समय करीब 9 बजे कर्मचारी गाड़ी लेकर शिकायत दूर करने के लिए तांगा स्टैंड पर गए थे।
शिकायत केंद्र के कर्मचारियों पर हमले के बाद विरोध में एकजुट हो गए थे कर्मचारी
वापस लौटे तो विजय रत्न चौक के पास ही युवक गलत दिशा में बाइक लेकर आ रहा था। कर्मचारियों ने टोका तो युवक भड़क गया और देख लेने की बात बोलता हुआ चला गया था। बाद में कार्यालय के बाहर पहुंच गया और बाहर बुलाकर कर्मचारियों से गाली-गलौच व मारपीट की। जाते हुए देख लेने की धमकी देकर गए थे और कहा था कि वह अपने इलाके में बिजली गुल की शिकायत देंगे और जैसे ही वह आएंगे तो वहां भी मारपीट करेंगे।
जांच अधिकारी के अनुसार
एसडीओ की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-नरेश, इंस्पेक्टर, प्रभारी अंबाला कैंट थाना।