अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की आंखों में मिर्च झोंक कर उससे 45 हजार रुपये लूट लिए। डुलियाना वासी सुखविंदर एक निजी फाइनेंस कंपनी में पेमेंट रिकवरी का काम करता है। उसने बताया कि वह जिस फाइनेंस कंपनी में काम करता है, उसका ऑफिस बराड़ा में है। शुक्रवार को उसने साहा एरिया से कंपनी पेमेंट रिकवरी की। बराड़ा स्थित कंपनी के आफिस में 45 हजार रुपये जमा करवाने के लिये आ रहा था। जैसे ही वह अपनी बाइक पर सवार होकर सीरसगढ़ वाले रास्ते से निकल रहा था कि दो बिना नंबर की बाइक पर चार नकाबपोश युवक सामने से आये और उसकी बाइक को लात मारकर उसे गिरा दिया। सुखविंदर ने बताया कि इससे पहले वह कुछ समझ पता कि एक युवक ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और उससे रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी मुलाना मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।