अंबाला कैंट। एसडी कन्या विद्यालय की मैनेजमेंट और अध्यापिकाओं का विवाद तूल पकड़ गया। मैनेजमेंट ने स्कूल की पांच टीचर्स को सस्पेंड करने का फरमान जारी किया है। इसी को लेकर अध्यापिकाओं ने मैनेजमेंट की मनमानी पर सवाल खड़े किए हैं। उधर, इस मामले में एसडी सभा के प्रधान मायाराम बंसल का कहना है कि नियमों के तहत ही यह कार्रवाई की है। अनुशासहीनता के चलते इन टीचर्स को सस्पेंड करने की कार्रवाई हो रही है। मैनेजमेंट पूरी तरह से नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई कर रही है। अप्रैल 2016 से स्कूल की टीचर्स और मैनेजमेंट में विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते तत्कालीन डीईओ ने जहां जांच की, वहीं एसडीएम ने भी जांच की। इसके बाद मामला शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की जानकारी में लाया गया। अब स्कूल मैनेजमेंट ने स्कूल की पांच टीचर्स को सस्पेंड करने का फरमान जारी किया है। इसी को लेकर अब यह विवाद और बढ़ गया। जिन टीचर्स पर सस्पेंड की तलवार लटकी है, उनका कहना है कि मैनेजमेंट पूरी तरह से मनमानी करने पर उतारु है। एक ओर सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है, वहीं स्कूल मैनेजमेंट मनमानी करते हुए परीक्षाएं निकट होने के बावजूद टीचर्स को सस्पेंड करने पर तुली है। उन्होंने बताया कि स्कूल मैनेजमेंट टीचर्स का शोषण कर रही है, जबकि वेतन देने में भी लेटलतीफी अपनाई जाती है, लेकिन वे स्टूडेंट्स को लगातार पढ़ा रही हैं। इतना सब होने पर भी मैनेजमेंट ने मनमानी करते हुए पांच टीचर्स को सस्पेंड करने का फरमान जारी किया है, जो नियम विरुद्ध है।