अंबाला कैंट। एक प्राइवेट स्विफ्ट डिजाइर कार में दो सिख बंदूकधारी पुलिस वाले दो युवकों को लाखों रुपये की नई करेंसी के साथ नेशनल हाइवे नंबर एक पर एनएच शोरूम के पास से पकड़ते हैं और फिर उन्हे सीधे अपनी कार में बिठाकर अंबाला पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय के बाहर ले जाते हैं।
वहां वे संदिग्ध पुलिस वाले युवक को भारी मात्रा में नई करेंसी रखने पर एफआईआर दर्ज होने का डर दिखाते हैं, फिर उनसे नई करेंसी अपने कब्जे में लेकर उन्हे हाइवे पर छोड़कर दिल्ली की ओर रवाना हो जाते हैं। ठगी का शिकार हुए दोनों युवक पहले तो काफी देर तक घबराए रहे, लेकिन देरशाम उन्होंने इसकी शिकायत अंबाला पुलिस से की।
एसपी तक मामला पहुंचा तो एसपी अंबाला ने डीएसपी कैंट सुरेश कोशिक को इस मामले की जांच करने के आदेश दिए। उधर, सीआईए व साइबर क्राइम की टीम भी इस ठगी की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल देररात तक डीएसपी कैंट सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटे रहे।
युवकों ने पुलिस को सुनाया ये दुखड़ा
करनाल के रहने वाले दो युवक अवलीश व योगेश ने अंबाला पुलिस को अपना दुखड़ा सुनाते हुए बताया कि वे करनाल से अंबाला अपनी कार में आए थे। उन्होंने यहां अंबाला में एक पुरानी कार खरीदनी थी। इसी सौदे के चलते वे अंबाला नेशनल हाइवे पर एनएच-1 शोरूम के पास पहुंचे और उन्होंने वहां दूसरी पार्टी के साथ कार का सौदा किया। कार पंसद आने पर दूसरी पार्टी ने उनसे कहा कि इस शोरूम से थोड़ा आगे चलकर नगदी का लेनदेन कर लेते हैं। युवकों के अनुसार दोनों पार्टी अपनी-अपनी कारों में हाइवे पर आगे बढने लगी। तभी एक स्विफ्ट डिजाइर ने आकर उन्हे रोका और उसमें से दो सिख पुलिस वाले कमर पर बंदूक लगाए हुए नीचे उतरे और उन्होंने उनका सीधे उनका बैग झपट लिया। जिसमें वे कार खरीदने के लिए करीबन 9.40 लाख रुपये लेकर आए थे। उनके अनुसार सभी नोट नई करेंसी के थे। युवकों ने बताया कि उसके बाद पुलिस वालों ने उन्हे अपनी कार में बिठा लिया और उन्हे अंबाला पुलिस लाइन एसपी कार्यालय के बाहर ले गए। वहां संदिग्ध पुलिस वालों ने उनसे कहा कि वे लाखों की नई करेंसी के साथ पकड़े गए हैं, इसलिए उनके खिलाफ पहले तो केस दर्ज किया जाएगा और फिर सात साल के लिए जेल भेज दिया जाएगा। युवकों ने बताया कि दोनों पुलिस वालों ने उन्हे खूब डराकर फैसला उन्ही पर छोड़ दिया। इस पर उन्होंने पुलिस वालों से आग्रह किया कि उन्हे छोड़ दिया जाए। इस पर पुलिस ने नई करेंसी के लाखों रुपये अपने पास रखकर उन्हे हाइवे पर छोड़ दिया और दिल्ली की ओर रवाना हो गए।
पुलिस ने फिलहाल दोनों युवकों की बात को सुनने के बाद सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध पुलिस वालों की कार की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस वाले असली पुलिस वाले थे या नकली ये अभी कहा नहीं जा सकता। पुलिस की कई टीमें इस मामले की जांच में जुट गई है।
-सुरेश कौशिक, डीएसपी, अंबाला कैंट-