अंबाला के गांव धनौरा में हारे हुए पूर्व सरपंच के घर पर ईंट व पत्थर बरसाने व परिवार के सदस्यों से मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट के आरोप नवनियुक्त सरपंच के जेठ और उसके रिश्तेदारों पर लगे हैं। बताया जाता है कि पहले तो हारने वाले पूर्व सरपंच के बारे में फेसबुक पर चोर लिख दिया गया। जब विरोध किया तो पूर्व सरपंच के परिवार पर ही हमला कर दिया गया। आरोप है कि करीब 200 लोगों ने घर के बाहर रविवार शाम को ईंटें व पत्थर बरसाए। हमले में पूर्व सरपंच के भतीजे के पेट में चाकू लगा है। वहीं एक व्यक्ति सिर पर रॉड लगने के कारण लहूलुहान हो गया। घायलों को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
पुलिस ने पूर्व सरपंच सुखबीर सिंह की शिकायत पर सरपंच के जेठ, रिश्तेदारों सहित 27 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया। शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत धनौरा से सरपंच पद के लिए उसकी पत्नी सुदेश रानी भी चुनावी मैदान में उतरी थी। नरेंद्र कुमार की पत्नी महक चुनावों में विजयी रहते हुए सरपंच बनी। सुखबीर ने आरोप लगाए कि पहले तो प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के जेठ ने फेसबुक पर उसे चोर और बेईमान लिखकर चुनाव प्रचार किया। चुनाव के बाद घर पर उन्होंने पंचायत बुलाई थी, जिसमें नवनिर्वाचित सरपंच के जेठ को फेसबुक से सभी पोस्ट डिलीट करने तथा माफी मांगने की बात कही थी। इसी रंजिश के चलते पहले तो ग्रामीणों को उनके खिलाफ भड़का दिया। फिर सभी ने संग मिलकर परिवार पर हमला कर दिया।