नग्गल। सिटी के नग्गल इलाके में मटेड़ी के पास अचानक दो लड़ते हुए सांड रोडवेज की बस के आगे आ गए। जिस वजह से तेज रफ्तार बस एकदम से डांवाडोल हो गई और सड़क किनारे कच्चे में जा पलटी। इस दौरान सात सवारियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य तेरह के करीबन सवारियां सकुशल है। बस अंबाला सिटी से कैथल की ओर जा रही थी। सूचना मिलते ही आसपास गांव के लोग मदद के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे और बस से निकाली गई सवारियों को हौसला बांधा। तुरंत घायलों के लिए एंबुलेंस बुलवाई गई। घायल सवारियों को इस्माईलाबाद प्राइवेट क्लीनिकों में, सीएचसी व सिटी सिविल अस्पताल उपचार के लिए पहुंची। लेकिन सभी प्राथमिक उपचार लेकर अपने गंतव्यों की ओर निकल लिए। हादसे में चालक कृष्ण कुमार समेत चार महिलाओं और तीन पुरुषों को मामूली चोटें आई है। यात्रियों ने बताया कि बस के आगे अचानक दो जानवर लड़ते हुए आ गए। उन्हें बचाने के चक्कर में चालक उलझ गया और बस बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और खेत की कच्ची जगह जाकर पलट गई। इस दौरान सभी यात्री चिल्लाने लगे और सहम गए। लेकिन किसी यात्री को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। एसएचओ नग्गल ओमप्रकाश ने बताया कि अभी तक अस्पताल से औपचारिक सूचना नहीं आई है, जबकि हल्के घायल हुए यात्री भी प्राइवेट क्लीनिकों की ओर रुख कर गए। इसलिए अभी घायलों की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है। उनके अनुसार वैसे इस हादसे में बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, सभी सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना करवा दिया गया है।