व्यापारी के एक लाख रुपये और कैंटर लेकर चालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। कालाआंब में कबाड़ी का काम करने वाले व्यापारी के एक लाख रुपये और कैंटर लेकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहजादपुर निवासी वरुण कुमार पुत्र रोशन लाल ने बताया कि वह कालाआंब में कबाड़ी का काम करता है व उसके पास एक कैंटर है। उस पर उसने उत्तरप्रदेश के रहने वाले रिंकू व राजबीर को ड्राइवर रखा हुआ था। उसने अपने कैंटर में मंगलवार को राधे-राधे फार्म मंडावाला (बद्दी) के लिए गत्ता लोड करवाया था और दोनों को एक लाख रुपये राधे फार्म के मालिक को देने के लिए दिए थे। दोनों ड्राइवर गत्ता लोड करके मंडावाला (बद्दी) के लिए चले थे लेकिन बुधवार को राधे-राधे फार्म से फोन आया कि अभी तक गाड़ी व पेमेंट उनके पास नहीं पहुंची। उसने अपने मोबाइल पर जीपीएस से गाड़ी की लोकेशन देखी तो वह टोल प्लाजा बरेली के पास आई। उसे बाद में पता चला कि गाड़ी में ड्राइवर रिंकू व राजबीर अपने साथ 2-3 अन्य व्यक्ति भी ले जा रहा है। शिकायत पर थाना नारायणगढ़ पुलिस ने रिंकू व राजबीर तथा अन्य के खिलाफ धारा 407, 420 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।