डॉग बाइट से युवती समेत दो छात्र हुए बुरी तरह घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। रंगिया मंडी क्षेत्र में बुधवार को लावारिस कुत्तों ने एक युवती सहित दो छात्रों को काट लिया। बुरी तरह से जख्मी तीनों छात्रों को अस्पताल लाया गया। यहां सभी को उपचार दिया गया। उल्लेखनीय है कि रंगिया मंडी क्षेत्र में डॉग बाइट का दूसरा मामला है। दस साल का प्रतीक और नौ साल का रुद्रांश स्कूल में पढ़ते हैं। प्रतीक घर के बाहर खेल रह था। इसी दौरान एक लावारिस कुत्ते ने प्रतीक पर हमला कर दिया और उसे काट लिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे छुड़ाया। इसी तरह रुद्रांश अपने घर से ट्यूशन के लिए निकला था। थोड़ी ही दूरी पर उस पर एक लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया। उसने बचने की कोशिश की, लेकिन डॉग बाइट से वह जख्मी हो गया। लोगों ने किसी तरह से उसे छुड़ाया। इसी क्रम में छाया (29) अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक कुत्ते ने हमला कर उसे काट लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले कोई व्यक्ति इस डॉग को क्षेत्र में छोड़ गया था। तीनों को इसी डॉग ने काटा है। सभी घायलों को अस्पताल में उपचार दिया गया।