डंपर ने मारी टक्कर, कार सवार बचे
नारायणगढ़। एनएच-72 नारायणगढ़-शहजादपुर रोड पर एक बार फिर एक तेजरफ्तार डंपर ने एक कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। पोंटा साहिब हिमाचल निवासी जसप्रीत सिंह ने बताया कि वह अपने माता-पिता और पत्नी के साथ कार में फतेहगढ़ साहिब से पोंटा साहिब जा रहे थे। गांव सैनमाजरा के पास जैसे ही पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह रोड किनारे गड्ढे में जा गिरे। दुर्घटना में वह बाल-बाल बच गए, लेकिन कार बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।