मांगें मनवाने को मिड डे मील वर्कर्स ने निकाला रोष मार्च, विधायक को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर मिड-डे-मील वर्कर यूनियन की जिला इकाई ने सचिव राजेश की अध्यक्षता में सिटी महावीर पार्क में बैठक कर सरकार को जमकर कोसा। इसके पश्चात रोष मार्च निकालते हुए विधायक असीम गोयल के आवास पर पहुंची और सीएम के नाम दस सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। जिला प्रधान ममतेश चौहान, जिला सचिव राजेश कुमार ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जोकि अच्छे दिनों का वादा करके सत्ता में आई थी लेकिन सरकार ने चार साल के कार्यकाल में वर्कर्स के वेतन में एक पैसे की भी बढ़ोतरी नहीं की। लगातार बढ़ती महंगाई में मात्र 2500 रुपये प्रति माह दिया जा रहा है, जिसमें घर का गुजारा मुश्किल से चलता है। ज्ञापन में उन्होंने न्यूनतम वेतन 1800 हजार रुपये देने के साथ-साथ पंचायतों से मिड-डे-मील कार्य को वापस उन्हें देने की मांग की है। इस अवसर पर सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा से सतीश सेठी, इंद्र सिंह बधाना, महावीर पाई, जिला प्रधान रामगोपाल, नायब सिंह, ललिता, शिक्षा, सोनिया, शशिबाला, कमलेश, सरूपी, रेशमी, सोना, प्रोमिला, बाला, राजकुमारी, कमला, गीता और स्वर्णा आदि मौजूद रहीं।