अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला। पुलिस ने धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना महेश नगर में पूर्णचंद निवासी वशिष्ट नगर ने 28 जून को शिकायत दर्ज करवाई थी कि गुरचरण दास निवासी शिव कॉलोनी करनाल, ओमप्रकाश निवासी सेक्टर-8 करनाल व आरोपित महिला ने मिलकर शादी करके उससे पैसे हड़पने की धोखाधड़ी की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। जांच के दौरान मिला कि उपरोक्त सभी शादी का झांसा देकर पैसे हड़पते हैं। आरोपी गुरचरण दास को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधर, थाना बलदेव नगर में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आरोपी मलकीत सिंह निवासी विर्क कॉलोनी अर्बन इस्टेट पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित महिला 30 अप्रैल को थाना बलदेव नगर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि प्रबंधक एल्पाइन एग्रीकल्चर लैंड डेवलपर लिमिटेड कंपनी पटियाला पंजाब के कुलदीप व अन्य ने उससे व कई अन्य व्यक्तियों से आरडी व एफडी करवाने के नाम पर बड़ी रकम हड़प कर धोखाधड़ी की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी थी।