रफ्तार का कहर, दो महिलाओं को कार चालक ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरी गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। एक तेज रफ्तार कार चालक ने नई बन रही डिफेंस कालोनी रोड पर पैदल जा रही दो महिलाओं को उड़ा दिया। कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि महिलाओं को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकराई और खाली मैदान में तीन-चार पलटियां मारते हुए रुकी। मौके मौजूद लोगों ने तुरंत महिलाओं को उठाया एवं ऑटो से कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दूसरी को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहीं कार में सवार तीन युवाओं को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया, जिनमें से दो को मामूली चोट लगी और उन्हें सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज दिया गया जबकि कार चालक मोहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
डिफेंस कालोनी में रोड निर्माण कार्य चल रहा है। दोपहर को डिफेंस कालोनी के साथ लगते कलरहेड़ी निवासी करीब 40 वर्षीय बिमला और 41 वर्षीय निशा एवं एक अन्य महिला के साथ घर को लौट रही थीं। तीनों अलग-अलग घरों में झाडू पौंछा कर घर का गुजारा चलाती हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डिफेंस कालोनी से कलरहेड़ी की ओर तीनों दोपहर पौने तीन बजे पैदल आ रही थीं। तभी सेक्टर डी में होंडा सिटी कार तेज रफ्तार पर आ रही थी। लोगों की मानें तो कार सौ से भी अधिक रफ्तार पर थी, जिसने दो महिलाओं को तो सीधे टक्कर मार दी जबकि तीसरे महिला को हलकी साइड लगी। हादसे में बिमला और निशा कई फुट उछल कर दूर जा गिरीं। वहीं तीसरी महिला रोड किनारे गिर गई। हादसे के बाद कार चालक ने कार पर संतुलन खो दिया और कार पेड़ से टकराकर रोड किनारे दो तीन पलटियां खाते हुए रुक गई। मौके पर मौजूद लोग तुरंत घायल महिलाओं की ओर दौड़ पड़े। बिमला और निशा को ऑटो में कैंट सिविल अस्पताल लाया गया, जहां बिमला को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। वहीं निशा को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे में निशा को भी गंभीर चोटें लगी, जिसे पीजीआई रेफर किया गया है। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद तीसरी महिला को हलकी चोटें लगी थीं जोकि घटना को देख घबरा गई थी। उसे उसके परिजन घर ले गए थे।
---
मौके पर लोगों ने पकड़े तीन युवा
घटना के बाद मौके पर लोगों ने तीन युवाओं को पकड़ लिया था। तीनों युवा किशोर लग रहे थे। उन्हें कार से निकाला गया, जिसके बाद वहीं पकड़ कर रखा गया। पंजोखरा थाना पुलिस को लोगों ने घटना की जानकारी दी जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। दो युवाओं को तो सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज दिया गया जबकि तीसरा बाद में फरार हो गया।
---
दो बेटियां छोड़ गई अपने पीछे बिमला
हादसे में दम तोड़ने वाली बिमला अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गई हैं। उसके देवर राधेश्याम ने बताया कि बिमला घरों में झाडू पोंछा कर घर का गुजारा चलाती थी। उसका पति अजय राज मिस्त्री है जबकि दो बेटियां हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। हादसे के बाद पति अजय का रो-रोकर बुरा हाल था जबकि परिवार के अन्य सदस्य सदमे में थे। इसी तरह हादसे में घायल निशा के तीन लड़के एवं एक छोटी बेटी है। निशा का पति राजू भी राज मिस्त्री है।
---
रफ्तार का जूनुन युवाओं के सिर पर
सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे युवाओं पर रफ्तार का जुनून चढ़ता जा रहा है। बीती रात को भी जगाधरी रोड पर युवा तेज रफ्तार पर कार चला रहा था, जिससे उसकी गाड़ी पलट गई, वहीं बुधवार दोपहर भी डिफेंस कालोनी में युवा तेज रफ्तार पर थे। कालोनी की मुख्य रोड नई बन रही है जहां रोड़ी एवं गटका बिछा दिया गया है। रोड की कारपेटिंग अभी बाकी है। युवाओं पर तेज रफ्तार का ऐसा नशा सवार था कि उन्होंने कच्ची रोड पर ही सौ से अधिक रफ्तार पर गाड़ी चला दी और पैदल जा रही महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं।
--
कार ओवर स्पीड थी जिसे महिलाओं को हिट किया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है जबकि दूसरी घायल है। तीन युवा कार में थे, जिनमें से दो को प्राथमिक इलाज दिया गया है। जल्द उनसे पूछताछ होगी। कार मोहित नामक युवा चला रहा था जोकि अभी फरार है, उसे जल्द हिरासत में लिया जाएगा। युवाओं को मेडिकल कराया जाएगा, जिससे पता चल सके कि वह नशे में थे या नहीं।
- सुरेंद्र सिंह, एसएचओ, पंजोखरा थाना, अंबाला।