रिटायर्ड सफाई कर्मी के बैंक खाते से निकाले 16 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सिविल अस्पताल के एक रिटायर्ड सफाई कर्मी के बैंक खाते से एक जालसाज ने 16 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित महावीर ने वीरवार को इस संबंध में सीएम विंडो पर गुहार लगाई है। गोवर्धन नगर मॉडल टाउन निवासी महावीर ने अपनी शिकायत में कहा कि उसका बैंक खाता एसबीआई अंबाला कैंट की मॉल रोड ब्रांच में है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर कॉल करके उससे एटीएम की जानकारी ले ली और इसके तुरंत बाद उसके खाते से 16 हजार रुपये उड़ा लिए। इस संबंध में उसने बैंक मैनेजर को भी शिकायत दी और अपना एटीएम कार्ड बंद भी करवा दिया, लेकिन आरोपी जालसाज पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। महावीर ने सीएम से गुहार लगाई है कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और उसकी ठगी हुई रकम वापस दिलाई जाए। महावीर ने बताया कि वह सिविल अस्पताल का रिटायर्ड सफाई कर्मी है और मासिक पेंशन के तौर पर मिलने वाले नौ हजार रुपयों से जैसे तैसे अपने परिवार का गुजारा करता है।