अंबाला-सहारनपुर रेलमार्ग पर पेड़ गिरा, यातायात प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
अंबाला-सहारनपुर रेलमार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेड़ को ट्रैक से हटाने में जुट गए। वीरवार शाम से ही अंबाला में तेज हवाएं चल रही है। शुक्रवार सुबह अचानक एक पेड़ केसरी-दुखेड़ी रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरियों पर गिर गया। सूचना मिलते ही रूट पर रेल यातायात बंद कर दिया गया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक हावड़ा से अमृतसर जाने वाली हावड़ा मेल को बराड़ा रेलवे स्टेशन पर रोका गया जबकि नंगल डैम से सहारनपुर पैसेंजर, टाटा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर रोक दी गई। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगभग डेढ़ घंटे बाद रेल यातायात दुरुस्त हुआ।