चाय में नशा देकर एटीएम कार्ड से उड़ाए 17 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। दो बदमाशों ने चाय में नशा देकर एक व्यक्ति के एटीएम कार्ड से 17 हजार 100 रुपये उड़ा लिए। अगले दिन होश आने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 5 निवासी दर्शनलाल ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि वह वीरवार सुबह करीब 10 बजे अग्रसेन चौक पर एसबीआई के एटीएम पर 5 हजार रुपये निकालने के लिए गया था। वहां पर पहले से दो युवक मशीन के साथ खड़े थे। जैसे वह ही रुपये निकालकर बाहर आया तो उन दोनों युवकों ने उससे डाकघर का पता पूछा। उनके आग्रह वह उनके साथ पैदल चल दिया और वहा पहुंचकर उन्होंने डाकघर में भीड़ होने का बहाना बनाकर कहा कि चाय पी लेते हैं। उन्होंने मुझे भी चाय के लिए मजबूर कर दिया। चाय पीने के बाद चलने पर मुझे चक्कर आ गया उसके बाद उसे पता नहीं चला कि उसके साथ क्या हुआ। कैसे घर पहुंचा। अगले दिन जब उसे होश आया तो पता चला कि उसके पास जो पांच हजार और एटीएम गायब थे। इसपर उसने अपने मोबाइल पर मैसज से पता चला कि पहली बार दस हजार, दूसरी बार दो हजार तथा बाद में 100 रुपये निकाल लिए। अब उसके खाते में 28 रुपये बचे हैं। घटना पर उसके गिरने पर उसकी आंख पर भी चोट के निशान हैं, जो उसके गिरने से लगी थी।