नौकरानी उपलब्ध कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। नौकरानी उपलब्ध कराने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार महिला समेत दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। शिकायतकर्ता राजन निवासी प्रीत नगर ने गत दिवस थाना महेशनगर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी सरोज कुमार निवासी उत्तमनगर दिल्ली और युवती अमीना ने मिलकर उसे घरेलू कार्य के लिए कामकाजी नौकर रखवाने का झूठा आश्वासन देकर 25 हजार रुपये की नकदी हड़पकर धोखाधड़ी की है। इस शिकायत पर पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कामकाजी नौकर भेजने के लिए मालिक से पांच हजार रुपये प्रति वेतन के अनुसार 25 हजार रुपये एडवांस लेते हैं। इसके बाद घरेलू कामकाजी नौकर एक-दो दिन उपरांत उस घर से भाग जाते हैं और ये रुपये गिरोह के सदस्य आपस में मिल बांट लेते हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।