अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। जीएमएन कॉलेज के एंट्री गेट के पास कुछ युवकों ने एक छात्र पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। घायल हालत में अन्य साथी छात्र उसे लेकर कैंट के सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां पर उसका उपचार किया गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने सिविल अस्पताल में आकर भी इनके साथ हाथापाई की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रविंदर कुमार निवासी मोहड़ा ने बताया कि वह जीएमएन कालेज कैंट में पढ़ता है। उसने बताया कि कॉलेज में युवक से हल्का सा धक्का लग गया, जिस पर उसके साथ बहसबाजी हुई और उसने जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर के बाद वह 10-12 युवकों के साथ आया और उस पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान एक अन्य ने उस पर हमला किया, जबकि एक अन्य छात्र अर्चणजीत सिंह ने उसे बचाया। इसी बीच इन लोगों ने अर्चणजीत पर ही हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। यह सभी अर्चणजीत को कॉलेज से बाहर खींचकर ले गए और कॉलेज के एंट्री गेट पर ही चाकू से वार किया। इतना ही नहीं लाठी-डंडों से भी उस पर हमला कर फरार हो गए। रविंदर ने बताया कि वह और उसके साथी घायल अर्चणजीत सिंह को किसी तरह कैंट सिविल अस्पताल लाए, जहां हमला करने वाले फिर से पहुंच गए। यहां पर भी उनके साथ हाथापाई की गई, जबकि सिक्योरिटी में तैनात कर्मचारियों ने उनको बचाया।
बीसी बाजार चौकी पुलिस के इंचार्ज एसआई हरपाल सिंह का कहना है कि मारपीट की शिकायत मिली है, जिस में चाकू से हमला करना और पिस्टल तानने के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस कालेज की सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी, जबकि मेडिकल रिपोर्ट भी चेक करेगी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।