स्कूल की दीवार फांद अंदर दाखिल होने का आरोपी जमानत पर रिहा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। केंद्रीय विद्यालय नंबर एक की दीवार फांदकर अंदर दाखिल होने वाले युवक के खिलाफ तोपखाना चौकी पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल भूषण कुमार की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया था।
शिकायत में प्रिंसिपल ने आरोप लगाए थे कि वीरवार को युवक स्कूल की दीवार फांदने के बाद स्कूल के अंदर दाखिल हो गया था। उसे जब पकड़ा गया तो उसने जान से मारने की धमकी भी दी। प्रिंसिपल की शिकायत पर मतिदास नगर निवासी 31 वर्षीय बलविंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। बलविंद्र ने स्कूल में दाखिल होकर जबरन एक छात्रा का हाथ पकड़ उसे खींचने की कोशिश की थी, मगर छात्रा ने समय रहते हाथ छुड़वा लिया था। उसने तुरंत मामले की जानकारी टीचर व प्रिंसिपल को दी जिसके बाद युवक को पुलिस के सुपुर्द किया गया था। छात्रा के पिता ने कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी तो एसपी के आदेशों के बाद प्रिंसिपल की शिकायत पर युवक के खिलाफ जबरन स्कूल में दाखिल होने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया था।