अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। जगाधरी-अंबाला मार्ग स्थित मनका-मनकी गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मुलाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार आसीन निवासी नया गांव जिला मुजफ्फरनगर और उसका चचेरा भाई अमजद निवासी नन्हेड़ी जिला मुजफ्फरनगर हिमाचल प्रदेश में एक फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों चेचरे भाई हिमाचल से सहारनपुर की ओर जा रहे थे। करीब 10 बजे गांव मनका मनकी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों सड़क पर गिर लहूलुहान हो गए। स्थिति देखते हुए राहगीरों ने दोनों को एमएम मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया। यहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की पहचान शाम को आए परिजनों ने की। मुलाना पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी