महिला की शिकायत पर डॉक्टर नामजद
अंबाला सिटी। अंबाला शहर के बलदेव नगर में क्लीनिक चला रहे डॉक्टर के खिलाफ महिला पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। इसी डॉक्टर की शिकायत पर शिकायतकर्ता महिला के दो परिजनों के खिलाफ क्लीनिक में घुसकर कथित रूप से मारपीट करने का केस पहले से दर्ज हो चुका है। महिला पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर सुनीता ने बताया कि बलदेव नगर महिला की शिकायत पर बलदेव नगर के डॉक्टर विनोद भूषण के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता महिला के आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है। दूसरी ओर बलदेव नगर थाने के एसएचओ रजनीश यादव ने डॉ. विनोद भूषण की शिकायत पर थाना बलदेव नगर में 27 फरवरी को एक केस पहले ही दर्ज किया जा चुका है। उसकी जांच चल रही है। बलदेव नगर में क्लीनिक चला रहे 62 वर्षीय डॉ. विनोद भूषण ने शिकायत में कहा था कि 26 फरवरी की शाम को वह अपने क्लीनिक पर थे। इसी बीच बलदेव नगर में रहने वाली एक महिला क्लीनिक पर दवाई लेने आई। चेक करने के बाद उसे खांसी जुकाम की दवाई दे दी। इस दौरान उसका बीपी भी जांचा गया। दवाई लेने के बाद यह महिला अपने घर चली गई। थोड़ी देर बाद उसकी ननद और उसका भाई क्लीनिक पर आए और उन्हें गालियां देने लगे। दोनों ने उसे मारना शुरू कर दिया। तब डॉक्टर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए थे।