सूए में गिरने से युवक की मौत
अंबाला सिटी। भानोखेड़ी के रहने वाले युवक सौदागर सिंह की सूए (खेतों में सिंचाई देने के लिए बनाई छोटी नहर) में गिरने से मौत हो गई। वीरवार देर रात धुंध की वजह से सूआ नजर नहीं आया, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव वारिसों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार भानोखेड़ी का रहने वाले सौदागार सिंह (27) कैंटर पर ड्राईवर था। जांच अधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि वह प्रतिदिन कैंटर को गांव बलाना में खड़ा करता था और बाइक पर अपने घर जाता था। गुरूवार देर शाम को भी वह कैंटर को खड़ा कर बाइक पर घर के लिए रवाना हुआ था। रात को घना कोहरा था, जबकि, गांव बलाना से भानोखेड़ी जाते हुए सूए में रास्ता न दिखने के कारण मृतक की बाइक उसमें जा गिरी। इस कारण उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि उसकी करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।