पुलिस ने जिले में 47 नाके लगा 1910 वाहन जांचे, 133 के काटे चालान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
अंबाला पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिये नाइट डोमिनेशन चलाया गया। एसपी अभिषेक जोरवाल ने बताया कि नाइट डोमिनेशन के समय जिले भर में 47 नाके लगाए गए और 1910 वाहनों को चेक किया गया। इस दौरान 133 वाहनों के चालान काटे गए और 11 वाहन जब्त किये गए। वहीं 61 व्यक्तियों के अजनबी पर्चे काटे गए और 101 सार्वजनिक स्थलों को चेक किया गया। उन्होंने बताया कि जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में पुलिस ने 11 अभियोग दर्ज कर विभिन्न स्थानों से 11 अभियुक्तों को बंदी बनाकर उनसे 10485 रुपये बरामद किए गए। वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर शांति भंग करने के तीन मामले दर्ज कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करते हुए 65 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा चोरी का मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की गई। इस दौरान सभी राजपत्रित अधिकारी, निरीक्षक, सभी थाना प्रबंधक, कार्यभारी पुलिस चौकी, सभी पीसीआर, एनएच पीसीआर, बाइक राइडर/वायुदूत मोटरसाइकिल राइडर, यातायात स्टाफ और कार्यालय से 90 प्रतिशत पुलिस बल ड्यूटी पर तैनात रहा। नाइट डोमिनेशन में 57 दोपहिया वाहन और 49 गाड़ियां भी तैनात रहीं।