घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, 31 पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। गांव डुलियानी में एक महिला की शिकायत पर घर में घुसकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 31 लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। डुलियानी के रहने वाले परशा राम की पत्नी मुखतारी देवी ने पुलिस को शिकायत दी है कि मंगलवार सुबह वह अपने घर में काम कर रही थी कि उसी समय लाठी-डंडों से लैस होकर करीब 70-80 लोग उनके घर में घुस आए, तो कुछ मकान की छत पर चढ़ गए। यह देख वह घबरा गई। इसमें कश्मीरी लाल, राम जी लाल, देश राज, पिंकी, शिशु, काला, चरणदास, नीरज, अमित, नरेश, राजेश, काला, विक्की, पवन कुमार, जोनी, बिट्टू, रवि पाल, रजत, शालू, कर्मू, महिंद्र, विक्की, हरी राम, सूजर भान, सुखराम, काला, बाबू, माणा, पाला राम व उसकी पत्नी बरखा राम ने आते ही घर का सामान तोड़ तोड़ दिया, जबकि पूरा परिवार नींद में था। मुखतारी ने बताया कि राजेंद्र कुमार, वीरेंद्र, नरेश ने उस पर लाठी व डंडे बरसा दिए। परिवार के लोग मदद के लिए चिल्लाए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उस समय मेरा भांजा बाथरूम में था, जबकि उसके बाहर निकलते ही हमलावरों ने उसकी धुनाई की। मुलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।