सेंट्रल जेल से मोबाइल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सेंट्रल जेल में मोबाइल मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। विवेक सांगवान उप अधीक्षक केंद्रीय कारागार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि कारागार के अंदर ब्लॉक नंबर 6 के बाहरी एरिया में उप सहायक अधीक्षक जेल हरदयाल शर्मा के द्वारा सुबह वार्डन गार्ड के साथ 6 ब्लॉक के बाहरी एरिया की तलाशी करवाई जा रही थी। इस दौरान 6 ब्लॉक के बाहरी बाथरूम पीछे के बाहरी एरिया से दो पैकेट मिले। उसे चेक करने पर उसमें से दो सफेद रंग के और एक नीले रंग का मोबाइल फोन, बैटरी और एक सिम मिला। इस मामले में जेल अधिकारियों की शिकायत पर बलदेव नगर थाने में केस दर्ज हो गया है पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।