डेरा मुखी की सजा के फैसले को लेकर अंबाला में चौकसी तेज
- बराड़ा में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, वाहनों की जांच में भी आई तेजी, प्रशासन ने की शांति बनाये रखने की अपील
- जिला प्रशासन सतर्क है, डेरा समर्थकों की गतिविधियों पर खुफिया तंत्र की नजर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। डेरा मुखी को सीबीआई कोर्ट द्वारा 28 अगस्त, यानी सोमवार, को सजा सुनाई जानी है। इसी को लेकर अंबाला में जहां तनाव है, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया, वहीं खुफिया तंत्र की नजरें डेरा समर्थकों की गतिविधियों पर हैं। रविवार को भी पुलिस ने उन नामचर्चा घरों का दौरा किया, जिन पर शनिवार को ताला जड़ा गया था।
उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने जिला में धारा 144 लागू कर रखी है, जबकि पुलिस बल भी लगातार गश्त कर रहा है। डेरा मुखी मामले को लेकर बीते करीब पांच दिनों से अंबाला में पुलिस बल व अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात हैं, जबकि हरियाणा सीमाओं पर पुलिस ने नाके लगा रखे हैं। अब डेरा मुखी को 28 अगस्त को सजा सुनाई जानी है, जबकि इसी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा बंदोबस्त और तेज कर दिए हैं। जिस तरह से पंचकूला सीबीआई कोर्ट द्वारा डेरा मुखी को दोषी करार देने के बाद दंगे हुए, उसे देखते हुए अब सजा सुनाए जाने को लेकर अंबाला में पुलिस और अलर्ट हो गई है। अंबाला में जहां फ्लैग मार्च किया गया, वहीं लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।
उधर, शनिवार को जिन नामचर्चा घरों पर पुलिस ने ताला जड़ा था, वहां पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। रविवार को भी पुलिस कर्मी नामचर्चा घरों के बाहर तैनात रहे, जबकि आला अधिकारियों ने इनका दौरा किया और स्थिति की जानकारी ली। इतना ही नहीं पुलिस का खुफिया तंत्र भी डेरा अनुयायियों की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस दावा कर रही है, जबकि आर्मी को भी स्टैंड बॉय में रखा गया है। 28 अगस्त को सजा का ऐलान होने के बाद की स्थिति से निपटने की प्लानिंग कर ली गई है।
इसी प्रकार डीएसपी बराड़ा अनिल कुमार व थाना बराड़ा प्रभारी सुनील कुमार ने पुलिस कर्मियों के साथ फ्लैग मार्च किया। बंसल पैलेस से पैदल शुरूआत की, जबकि महाराणा प्रताप चौक से होते हुए मुख्य बाजार पहुंचे। फ्लैग मार्च में काफी संख्या में पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। वाहनों की दिन रात चेकिंग की जा रही है। शांति बनाए रखने की अपील के साथ ही लोगों को समझाया जा रहा है। कि कोई भी शरारती तत्व अगर नजर आए तो पुलिस को सूचित किया जाए।
----------
जिला में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं और पुलिस द्वारा प्रशासन के अधिकारियों के साथ सभी क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है। इसके अलावा जिला में डेरा सच्चा सौदा के सभी नाम चर्चा घरों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है।
- शरणदीप कौर बराड़, डीसी अंबाला