एक ही गांव में दो नाबालिगों से छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। यहां एक ही गांव में छेड़छाड़ के दो मामले दर्ज हुए हैं। पहला मामला गांव में ही खेल रही 10 वर्षीय बच्ची के साथ तो दूसरा मामला 14 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ का है। पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तो दूसरे की तलाश है।
बच्ची की मां ने शहजादपुर थाना में शिकायत देकर बताया कि उसकी 10 वर्षीय पुत्री सोमवार सुबह गांव में खेल रही थी तभी गांव के ही रहने वाले एक युवक जगमाल ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक जगमाल सिंह के खिलाफ पोक्सो एक्ट 8 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सतबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है व कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, दूसरा मामला भी शहजादपुर-नारायणगढ़ रोड पर स्थित उसी गांव है। बच्ची की मां ने थाना शहजादपुर में शिकायत देकर बताया कि बुधवार सुबह उसकी 14 वर्षीय पुत्री शौच के लिए गांव के खेत में गई थी तभी गांव का ही गुलाब सिंह उसके पीछे-पीछे चला गया। वह बच्ची को पकड़कर जबरदस्ती करने लगा। बच्ची ने शोर मचाया तो वह मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।