हलवाई बाजार में आठ दुकानों के ताले तोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। हलवाई बाजार में चोरों ने एक ही रात में आठ दुकानों के ताले तोड़कर चोरी कर ली। पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत दी है। हलवाई बाजार में एक इमारत में आठ दुकानें हैं। चोरों ने बुधवार रात को इन दुकानों के ताले तोड़ डाले। हालांकि चोर सामान चोरी नहीं कर पाए, जबकि इन दुकानों में रखे दो गल्ले, जो फूल बेचने वालों के हैं, तोड़े और इनमें से करीब दो हजार रुपये चुरा लिए। राजेश कुमार, बालकृष्ण गोयल, अनिल गोयल, सुशील कुमार, अशोक कुमार, संजीव जिंदल प्रधान कसेरा बाजार ने बताया कि वे अपनी दुकानें बंद करके गए थे। सुबह जब दुकानों पर पहुंचे, तो ताले टूटे हुए थे। उन्होंने बताया कि सुशील कुमार और अशोक कुमार, जो अपने गल्ले उनकी दुकानों में रखते थे, से करीब दो हजार रुपये चोरी हुए हैं। उधर, चोरों ने साथ ही लगते संजीव जिंदल के घर पर भी चोरी का प्रयास किया। दुकानदारों का कहना है कि इस घटना के बाद अन्य सभी कारोबारी सहमे हुए हैं, जबकि क्षेत्र में पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए। पीड़ितों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया है, जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।