अंबाला सिटी। बलदेव नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला से ठगी करने का मामला दर्ज किया है। बताया जाता है कि एक आयुर्वेदिक कंपनी की डीलरशिप देने के नाम पर यह ठगी की गई। महिला इंदू ने बताया कि एक आयुर्वेदिक कंपनी ने दुकानें खोलने के लिए आवेदन मांगे थे। इसी को लेकर उन्होंने कंपनी के वेबसाइट पर दस्तावेज आदि भेज दिए। इसके बाद कंपनी ने फोन पर बताया कि उनकी डीलरशिप मंजूर हो गई है और वे 1.51 लाख रुपये जमा करवा दें। इसी पर उन्होंने यह रकम जमा भी करवा दी। बाद में जब बताए गए नंबर पर फोन किया, तो बताया गया कि कागजात व अन्य सामान जल्द ही आपके पास पहुंच जाएंगे। इसके कई दिनों बाद तक कुछ नहीं मिला, तो लगा कि उनके साथ ठगी हुई है। बलदेव नगर थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।