दोसड़का स्थित शिव कालोनी में बुधवार देर रात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये नकदी व जेवरातों पर पर हाथ साफ कर दिए। चोरी के समय घर में कोई नहीं था। पड़ोसी ने फोन कर घर मालिक राजेश को चोरी की सूचना दी। पीड़ित ने चोरी की शिकायत मुलाना पुलिस को सौंप दी है। दोसड़का स्थित शिव कालोनी में रहने वाले राजेश कुमार ने बताया कि उनके पिता की तबीयत ठीक न होने के कारण वह रात को अपने गांव साहलेपुर में ही रहते है। बुधवार को भी शाम 6 बजे तक तो वो दोसड़का स्थित घर में ही थे। लेकिन उसके बाद वह परिवार सहित अपने गांव साहलेपुर चले गए थे। सुबह उनके पड़ोसी ने फोन किया तो वो सभी आनन-फानन में दोसड़का स्थित घर पर पंहुचे। देखा कि चोर छत पर लगे जाले को फाड़ कर सीढ़ी लगाकर घर में घुसे व पूरे घर को छान मारा । घर में सारा सामान बिखरा हुआ था। राजेश के अनुसार चोर उनके घर से 30 हजार रुपये, सोने की चार अंगूठियां व सोने की चेन चोरी कर ले गए है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 30 हजार रुपये अपने पिता की बीमारी का इलाज कराने के लिए रखे थे । जोकि चोर ले गए। राजेश ने पुलिस को शिकायत सौंप दी है। मुलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।