कैंट पुल के नीचे दो गुटों में हुए झगड़े में एक चालक बुरी तरह जख्मी हो गया। हमलावरों ने किसी नुकीली चीज से उस पर वार किया था। गंभीर हालत में उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अब पुलिस ने उसके बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीसी बाजार के रहने वाले राजू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पास अपनी गाड़ी है। एक जनवरी को वह अपनी गाड़ी लेकर पुल के नीचे खड़ा था। उस समय वहां चालक इकराम भी था। इसके बाद बंटी, राहुल व लक्की भी वहां आ गए। आरोपी शराब के नशे में थे। इसी वजह से उन्होंने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। राजू ने बताया कि बंटी और राहुल ने उसे पहले लात घूंसों से पीटा। फिर उसकी गाल पर तेज नुकीली धारदार चीज से गहरा वार किया। शोर मचाने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। राजू की मानें तो जख्मी हालत में उसे इकराम ने अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस अब आरोपियों को तलाश रही है।