विभागों में न पहुंचने वाले और देरी से पहुंचने वाले कर्मचारियों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को जैसे ही सरकारी कार्यालय खुले वैसे ही अंबाला शहर और छावनी के रोडवेज कार्यालय में सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापा मार दिया। सुबह करीब 9 बजे डीएसपी सुरेंद्र वत्स की अगुवाई में तीन टीमों ने रोडवेज के अलावा आरटीए विभाग में भी छापा मारा। टीम की छापामारी के दौरान अंबाला छावनी और शहर रोडवेज कार्यालय से करीब 57 कर्मचारी ड्यूटी से गैर हाजिर मिले। रोडवेज में कुल 117 क्लर्किल व अन्य स्टाफ है जोकि आन ड्यूटी मिलने चाहिएं थे लेकिन 60 ही मिले। वहीं आरटीए कार्यालय में इंस्पेक्टर संजीव और विकास गैर हाजिर पाए गए। सीएम फ्लाइंग ने यह रिपोर्ट एडीजीपी सीएआईडी के सुपुर्द कर दी है। अब वहीं से यह रिपोर्ट आगे जाएगी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। टीम में इंस्पेक्टर ओमपाल, एएसआई अनिल, एएसआई हितेंद्र सिंह, हैप्पी, एसआई गुरचरण सिंह, एसई गुरप्रीत इत्यादि शामिल रहे।