अधोया हिन्दवान गांव में मौके पर उपस्थित ग्रामीण। संवाद
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। अधोया हिन्दवान गांव में किसी ने एक पशुपालक के बाड़े में घुसकर दुधारू गाय के अगले दोनों पैर और मुंह को रस्सी से बांध दिया जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह जब मालिक बाड़े में पहुंचा तो गाय को मृत देखा। सूचना मिलते ही पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। लोकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। उसने घर से कुछ दूरी पर प्राचीन शिव मंदिर के पास पशुओं के लिए बाड़ा बनाया है। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह गाय का दूध निकालकर उसे बाड़े में बांधकर घर चला गया था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वह बाड़े में पहुंचा तो उसकी गाय मृत पड़ी थी। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने बाड़े के मुख्य गेट का कुंडा खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गाय के दोनों अगले पैरों को लाल कपड़े से बांध दिया और मुंह को दूध निकालने वाली रस्सी से जकड़ दिया, इससे दम घुटने के कारण गाय की मौत हो गई। गाय करीब 8-9 किलो दूध देती थी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।