अंबाला। सहरसा से अमृतसर जा रही जनसेवा एक्सप्रेस में गोंडा स्टेशन के पास पैंट्री कर्मचारियों ने दंपती के साथ मारपीट की। ट्रेन अंबाला कैंट पहुंची तो घायल दंपती ने पहले आरपीएफ और जीआरपी को मामले की शिकायत दी।
सहरसा निवासी राम आशीष ने बताया कि वह चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। सोमवार को वह पत्नी और दो बच्चों सहित ट्रेन नंबर 14617 सहरसा-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुआ था। जब वो कोच में चढ़े तो पैंट्री कर्मचारियों ने सीट पर पानी की बोतलें और खाने-पीने का सामान रखा हुआ था। उन्हें सामान हटाने के लिए बोला तो उन्होंने तैश में आकर उसे पीटना शुरू कर दिया। जब पत्नी ने बीच-बचाव किया तो उसे भी बुरी तरह से पीट दिया। उन्होंने बर्फ तोड़ने वाले सुए से कई वार किए। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर घाव नहीं हुआ। जब अन्य यात्रियों ने शोर मचाया तो लखनऊ स्टेशन आते ही पैंट्री कर्मी उतरकर भाग गए। राम आशीष ने बताया कि मारपीट गोंडा स्टेशन के पास हुई थी। मारपीट करने वाले युवक उसका मोबाइल, चांदी की चेन भी ले गए। वहीं जब जीआरपी को मामले की भनक लगी और लिखित शिकायत के आधार पर उन्होंने कार्रवाई शुरू की। कुछ ही देर में पैंट्री का मैनेजर थाने में पहुंच गया और उसने माफी मांगी और यात्री के नुकसान की भरपाई की।
जनसेवा एक्सप्रेस में सफर करने वाले दंपती ने पैंट्री कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी थी। मौके पर पैंट्री के मैनेजर को बुलाया गया तो उसने माफी मांगी। इसके बाद दंपती ने समझौता कर लिया।
-ओमबीर, जांच अधिकारी, जीआरपी।