संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा रोडवेज कालका डिपो की बस में सफर कर रहे एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के डीएसपी की चोर ने जेब काट ली। वह अंबाला सिटी के बलदेव नगर चौक से चंडीगढ़ के लिए बस में सवार हुए थे। अभी महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित सुल्तानपुर के पास पहुंचे तो जेब कटने के बाद पर्स गायब होने पर डीएसपी दंग रह गए। तुरंत ही बस में सवार लोगों से पूछताछ की तो कोई सुराग नहीं लगा। बलदेव नगर थाना पुलिस ने जींद के नरवाना निवासी ओम प्रकाश की तहरीर पर अज्ञात पर चोरी की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बलदेव नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मबीर ने बताया कि चोर की तलाश शुरू कर दी है। चौक के आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कोई सुराग लग सके। पीड़ित एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के डीएसपी हैं। पीड़ित ओम प्रकाश ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस विभाग में बतौर डीएसपी कार्यरत हैं। 23 अक्तूबर को वह शाम 5 बजकर 30 मिनट पर बलदेव नगर चौक से हरियाणा रोडवेज कालका डिपो की बस में सवार होकर चंडीगढ़ के लिए चले थे। जैसे ही बस सुल्तानपुर चौक तक पहुंची तो जेब में देखा कि पर्स ही गायब था। अपने स्तर पर काफी पूछताछ की लेकिन पर्स नहीं मिला। किसी अज्ञात ने बस में जेब काट ली। पर्स में दो हजार रुपये की नकदी सहित हरियाणा पुलिस का आईडी कार्ड व एटीएम कार्ड थे।